✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर के गांधी कैंप इलाके में एक ओवरलोड ट्रक के कारण बड़ा हादसा हो गया। ट्रक संकरी गलियों में घुस गया, जहां ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें उसमें फंस गईं। जब चालक ने ट्रक को आगे बढ़ाने की कोशिश की, तो तारों के खिंचाव से बिजली के खंभे टूटकर नीचे गिर गए। हादसे के दौरान जोरदार आवाज हुई और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई व्यक्ति या बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। इस घटना के बाद पूरे गांधी कैंप और आसपास के इलाकों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन खंभों को हुए भारी नुकसान के कारण बिजली बहाल होने में समय लग सकता है। लोगों का कहना है कि इस तरह के भारी वाहन पहले भी रिहायशी इलाकों में घुसते रहे हैं। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ट्रक मालिक ने नुकसान की भरपाई करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




