✍🏻सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थान पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी कड़ी में गुरुवार को जालंधर बस स्टैंड पर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान एसपी राकेश यादव की निगरानी और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की अगुवाई में चलाया गया। पुलिस टीमों ने बस स्टैंड पर यात्रियों के सामान और बैग की जांच की। इसके साथ ही बस स्टैंड परिसर और आसपास स्थित खाने-पीने की कैंटीनों समेत अन्य स्थानों पर भी बारीकी से चेकिंग की गई।
एसपी राकेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने शरारती तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान माहौल खराब करने या किसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर इसी तरह के विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











