
विरसा विहार में संगीत और डांस क्लासें शुरू, डिप्टी कमिश्नर ने किया उद्घाटन
युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए किया गया प्रयास : डिप्टी कमिश्नर
सत्यम,रिपोर्टर,पीटीएन
जालंधर, 16 मार्च : पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल करते हुए स्थानीय विरसा विहार में संगीत और डांस क्लासों की शुरुआत की है। इन क्लासों का आज डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने उद्घाटन किया।
डिप्टी कमिश्नर ने संगीतशाला और नाटशाला का उद्घाटन करने के बाद कहा कि हर व्यक्ति के भीतर कोई न कोई प्रतिभा जरूर होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए यह प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ कला के क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समय की बड़ी जरूरत है।
इस मौके पर उनके साथ सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकिलन आर. वी. भी मौजूद थे।
डॉ. अग्रवाल ने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के नेतृत्व में प्रशासन जिले के युवाओं की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए जहां मुफ्त कोचिंग क्लासें चलाई जा रही हैं, वहीं चेतना प्रोजेक्ट के तहत लाइफ सेविंग स्किल और आत्मरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अलावा युवाओं को नशों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जालंधर प्रीमियर लीग के तहत विभिन्न खेल मुकाबले भी कराए गए हैं। युवाओं को किताबों से जोड़ने के लिए 6 पब्लिक लाइब्रेरी भी तैयार की गई हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जालंधर कला और संस्कृति का केंद्र रहा है और इसे और बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने जिले के युवाओं से संगीत और डांस क्लासों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
गौरतलब है कि इन क्लासों के लिए अनुभवी और विशेषज्ञ इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को उच्च स्तर की ट्रेनिंग दी जा सके। क्लासें दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक लगेंगी, जिनमें भारतीय शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, गिद्धा, भांगड़ा आदि की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल, विरसा विहार की कार्यकारी समिति के सचिव गुरमीत सिंह, वाइस प्रेसिडेंट संगत राम, रमेश मोदगिल, डॉ. मोहन महिमी, जसविंदर सिंह कोहली, मनजीत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




