दावा—बाजार में भारी मात्रा में मिलावटी दूध-पनीर, सख्त कानून और टेस्टिंग सिस्टम की मांग।
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने सोशल मीडिया के जरिए नकली दूध और डेयरी उत्पादों के फैलते जाल का खुलासा किया है। उन्होंने एक वीडियो साझा कर बताया कि किस तरह साधारण केमिकल्स और यूरिया जैसे पदार्थों की मदद से दूध जैसा दिखने वाला तरल तैयार किया जा रहा है।
चन्नी ने दावा किया कि बाजार में बिकने वाला बड़ा हिस्सा मिलावटी हो सकता है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने वीडियो में खुद डेमो देकर दिखाया कि कैसे नकली दूध तैयार किया जाता है, जो उबालने पर भी असली जैसा प्रतीत होता है।
सांसद के अनुसार, इस तरह के दूध में डिटर्जेंट और अन्य हानिकारक तत्व मिलाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद नुकसानदेह हैं। उन्होंने इसे “धीमा जहर” बताते हुए कहा कि अनजाने में लोग अपने परिवार को जोखिम में डाल रहे हैं।
उन्होंने डेयरी सेक्टर की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि असली दूध उत्पादकों को सही कीमत नहीं मिल रही, जबकि नकली उत्पाद बाजार में आसानी से खप रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
मौजूदा कानूनों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मिलावट करने वालों पर मामूली जुर्माना लगने से यह धंधा नहीं रुक रहा। उन्होंने सख्त सजा और हर स्तर पर दूध की जांच की व्यवस्था लागू करने की मांग की।
साथ ही सुझाव दिया गया कि डेयरी और दुकानों पर ऐसी मशीनें लगाई जाएं, जिनसे आम उपभोक्ता भी कम खर्च में दूध की गुणवत्ता की जांच कर सके। उनका मानना है कि अगर नकली दूध की सप्लाई पर रोक लगाई जाए, तो असली उत्पादकों को फायदा मिलेगा और लोगों को शुद्ध दूध मिल सकेगा।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




